राम मंदिर चढ़ावा: 70 बार चोरी कैमरे में कैद, SIT की प्रारंभिक रिपोर्ट सार्वजनिक

Date: 2026-07-08
news-banner

राम मंदिर चढ़ावा: 70 बार चोरी कैमरे में कैद, SIT की प्रारंभिक रिपोर्ट सार्वजनिक

अयोध्या। श्री राम जन्मभूमि मंदिर के भेंट/चढ़ावा गणना कक्ष में हुई चोरी के मामले में गठित विशेष जांच दल (SIT) की प्रारंभिक जांच रिपोर्ट पहली बार सार्वजनिक हुई है। रिपोर्ट श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की बैठक में प्रस्तुत की गई। SIT ने प्रथम दृष्टया माना है कि राम जन्मभूमि मंदिर के भेंट-चढ़ावा की गणना प्रक्रिया के दौरान चोरी और गबन की घटनाएं हुईं। 27 अप्रैल से पहले भी चोरी हुई, लेकिन उस अवधि का सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध न होने के कारण वास्तविक नुकसान का आकलन संभव नहीं हो सका।

उपलब्ध सीसीटीवी फुटेज में गणना कर्मियों की ओर से करीब 70 बार नोटों की गिनती में गड़बड़ी, खुले नोट छिपाने और गबन की घटनाएं दर्ज हुई हैं। रिपोर्ट में न केवल चोरी और गबन की पुष्टि की गई है, बल्कि बैंक, गणना कक्ष की निगरानी ट्रस्ट, सुरक्षा प्रबंधन और प्रशासनिक जवाबदेही पर भी गंभीर सवाल उठाए गए हैं। SIT ने स्पष्ट किया कि यह केवल प्रारंभिक जांच रिपोर्ट है, जबकि विस्तृत जांच अभी जारी है।

ट्रस्ट की बैठक में यह भी फैसला लिया गया कि चंपत राय और अनिल मिश्रा अब राम मंदिर ट्रस्ट के सदस्य नहीं रहे। ट्रस्ट, आगामी 22 जुलाई को होने वाली अपनी अगली बैठक में चंपत राय की जगह नये सदस्य को शामिल करने का फैसला करेगी।

चंपत राय ने कहा, “SIT रिपोर्ट के बाद अंतिम फैसला ट्रस्ट करेगा। मैंने मंदिर ट्रस्ट से इस्तीफा नहीं दिया है। मेरा 45 वर्षों का सार्वजनिक जीवन खुली किताब की तरह है। सत्य की ही जीत होगी।”

SIT रिपोर्ट के बाद ट्रस्ट में चंपत राय की वापसी अब मुश्किल नजर आ रही है। विश्व हिंदू परिषद में उनकी भूमिका बरकरार रहेगी। रिपोर्ट में उल्लेखित गंभीर आरोपों के बाद ट्रस्ट को कई सवालों के जवाब देने होंगे।


Leave Your Comments